कुल्लू। जिला कुल्लू में अब सभी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगेंगी। जिले में नौ और दस जुलाई को आई भारी बाढ़ और जगह-जगह भूस्खलन होने से 120 स्कूलों में नुकसान होने से विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रही थीं। शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन पढ़ाई का शेड्यूल तैयार किया था। अब मौसम साफ रहने के बाद विद्यार्थियों की 866 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू होंगी।
जिले में 749 प्राथमिक और 117 माध्यमिक विद्यालय हैं। इन सभी विद्यालयों में शिक्षा विभाग ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर रहा है। इससे पहले बाढ़ के कारण 120 स्कूलों में करीब डेढ़ माह तक ऑनलाइन कक्षाएं लगीं।
स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगने से विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। विद्यार्थी सहपाठियों के साथ बैठ कर पढ़ाई कर सकेंगे। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सुरजीत सिंह राव ने कहा कि कुल्लू के सभी 866 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए स्कूलों के मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संवाद