कुल्लू। बंजार में हुए वन कटान का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि अब कुल्लू-मनाली हाईवे तीन स्थित बंदरोल के पास चीड़ के 21 पेड़ काटे हुए पाए गए हैं। रविवार को पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को कटा हुआ पाया।
यह मामला मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत आता है। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि बंदरोल में नेशनल हाईवे के समीप चीड़ के 21 हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने की घटना सामने आई है। गोविंद ने सवाल उठाया है कि आखिर इन 21 पेड़ों को काटने का जिम्मेदार कौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन माफिया को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
ग्रामीणों से सूचना मिली है कि पेड़ काटे जाने के दौरान आसपास के बगीचों को भी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने व्यक्तिगत तौर पर प्राथमिकी भी दर्ज करवाई है, लेकिन उन्हें अभी तक उचित न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने सरकार से इसकी जांच करने की मांग की है। संवाद