कुल्लू। लाहौल से 187 अधिकारियों व कर्मचारियों के नदारद रहने का मामला सामने आने के बाद सरकार व प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने इस बारे में सभी विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी किए, जिसमें लिखा गया है कि जो अधिकारी व कर्मचारी बिना छुट्टी के गायब हैं, वे तत्काल अपने ड्यूटी पर आएं।
आदेश का उल्लंघन करने पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की सख्ती को देखते हुुए कर्मचारी लाहौल पहुंचना शुरू हो गए हैं। इनमें कुछ अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों के लौटते ही दफ्तरों में फिर कामकाज का दौर शुरू हो गया है। इससे पहले एक साथ सैकड़ों कर्मचारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों के नदारद रहने से जहां लोगों के कामकाज प्रभावित हो रहे थे, वहीं सरकार व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थेे। गत वीरवार को घाटी के लिए तीन उड़ानों में डीसी, एसपी सहित कई अधिकारी-कर्मचारी लाहौल लौट आए हैं। कई अधिकारी-कर्मचारी नोटिस जारी होते ही जैसे-तैसे अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं। उड़ान समिति कुल्लू के पास अभी भी कई आवेदन लंबित है। लाहौल प्रशासन के साथ-साथ स्पीति प्रशासन ने भी नदारद अधिकारियों-कर्मचारियों को भी नोटिस जारी कर ड्यूटी पर लौटने के निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि बर्फ की आड़ में लाहौल-स्पीति जिले से सैकड़ों कर्मचारियों के साथ कई अधिकारी अपनी ड्यूटी से नदारद रहे। लाहौल-स्पीति से राम किशन, सुरेश ठाकुर, मनोज कुमार, राहुल और स्पीति से सोनम, वांगचुग और पदमा छेरिंग ने कहा कि कई कर्मचारी व अधिकारी अपनी ड्यूटी को जनजातीय क्षेत्र में बखूबी निभाते हैं। लेकिन 60 फीसदी अधिकारी-कर्मचारी बर्फबारी का फायदा उठाते हुए कुछ दिन छुट्टी लेकर घाटी से बाहर निकल जाते हैं। मेडिकल या किसी तरह का बहाना बनाकर कई दिनों से अपने ड्यूटी से नदारद रहते हैं। बिना छुट्टी के लंबे समय तक गायब अधिकारी और कर्मचारियों पर प्रशासन के चाबुक पर हड़कंप मच गया है।
बिना अवकाश गायब रहने पर नहीं बख्शेंगे
एसडीएम काजा जीवन नेगी ने कहा कि बिना अवकाश के घाटी से गायब अधिकारियों व कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बाबत स्पीति में सभी विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिए हैं। लाहौल प्रशासन ने भी बिना छुट्टी के गायब अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटने के आदेश दिए हैं। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।