कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में नॉर्थ इंडिया की वाॅलीबाल प्रतियोगिता होंगी। इसमें हिमाचल की भी एक टीम होगी। इसके अलावा एयरफोर्स, आईटीबीपी, रेलवे, पंजाब पुलिस, हरियाणा पुलिस आदि टीमें भी भाग लेंगी।
यह बात शुक्रवार को दशहरा उत्सव की खेलकूद समिति के अध्यक्ष जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार और जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने कुल्लू में पत्रकार वार्ता में कही।
पंकज परमार ने कहा कि दशहरा में राज्य स्तरीय बॉक्सिंग स्पर्धा के अलावा जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता भी होगी। ग्रामीण खेलकूद में पुरुष वर्ग की टीमों का चयन ट्रायल से किया जाएगा। इसमें कुल्लू जिले के आनी, बंजार, कुल्लू और मनाली विधानसभा स्तर पर कबड्डी और वॉलीबाल में चार-चार टीमों का चयन होगा।
इसके बाद अलग-अलग ग्रुप बनाकर लीग मुकाबले करवाए जाएंगे। महिला वर्ग की कबड्डी और वाॅलीबाल स्पर्धाएं ओपन होंगी। कहा कि ग्रामीण खेलकूद में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के मकसद से महिला खिलाड़ियों की भागीदारी अधिक रहेगी। इसको लेकर महिला टीम के लिए ट्रायल नहीं लिए जाएंगे।
पुरुष वर्ग की सभी टीमों को जिला परिषद की तरफ से बतौर प्रोत्साहन स्पोर्ट्स किट दी जाएगी। ग्रामीण खेलों में विजेता टीमों की इनाम राशि को 45,000 से बढ़ाकर 61,000 रुपये किया गया है।
पुरुष वर्ग के वाॅलीबाल और कबड्डी टीमों के लिए ट्रायल चार अक्तूबर से आरंभ किए जाएंगे। इस बार ये ट्रायल विधानसभा स्तर पर होेंगे जबकि अगले साल उनको खंड स्तर पर करवाने की योजना है। संवाद