संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (कुल्लू)। पंचायतीराज चुनाव के लिए विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि नामांकन पत्र सात, आठ और 11 मई को स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को होगी, जबकि उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपना नाम वापस ले सकेंगे।
नाम वापसी के बाद 15 मई को ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची, उन्हें आवंटित चुनाव चिह्नों सहित प्रकाशित की जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों की सूची सात मई तक या उससे पहले जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों के लिए मतगणना मतदान समाप्त होते ही कर ली जाएगी। वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना 31 मई को होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन एसडीएम कार्यालय में जमा होंगे
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी स्पीति शिखा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के तहत स्पीति में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सात, आठ और 11 मई को संपन्न करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन तहसीलदार, नायब तहसीलदार कार्यालय में दाखिल किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन एसडीएम कार्यालय काजा में जमा होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपने नाम वापस ले सकेंगे।