लापता युवक के परिजन एसपी कुल्लू से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित भाषा एवं संस्कृति विभाग में कार्यरत मनीष शर्मा एक अक्तूबर से लापता चल रहे हैं। दस दिन से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजन उनकी तलाश में हर जगह खाक छान रहे हैं लेकिन अभी तक उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली है।
लापता मनीष शर्मा के परिजन वीरवार को एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन से मिले। इस दौरान परिजनों ने उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। परिजनों ने एसपी से आग्रह किया कि वह लापता मनीष शर्मा के फोन रिकॉर्ड सहित अन्य बातों की भी गहनता से छानबीन करें। मनीष शर्मा के पिता गायत्री दत्त शर्मा ने कहा कि उनका बेटा भाषा एवं संस्कृति विभाग में कार्यरत है। एक अक्तूबर से वह लापता है, हालांकि उसकी हर जगह तलाश की गई। इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई गई है लेकिन अभी तक मनीष का कोई अता-पता नहीं चल पाया है। पुलिस लापता युवक के मामले में सभी तथ्यों की जांच करे और उनके बेटे की जल्द तलाश की जाए। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि पुलिस युवक की तलाश कर रही है।