कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती मरीजों के आयुष्मान कार्ड एक्टिवेट करवाने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों और तीमारदारों को राहत प्रदान करते हुए आयुष्मान काउंटर को चौथी मंजिल से हटाकर धरातल पर स्थापित कर दिया है। ऐसे में अब तीमारदारों को अपने मरीज के आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड एक्टिव करवाने के लिए चार मंजिलों की सीढि़यां नहीं चढ़नी पड़ेंगी। बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल में स्थापित आयुष्मान काउंटर तक पहुंचने की राह अब आसान हो गई है।
हालांकि, पहले आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड एक्टिवेट करवाने के लिए तीमारदारों को अस्पताल का कोना-कोना तलाशना पड़ रहा था। अस्पताल में आयुष्मान भारत काउंटर ऐसे स्थान पर स्थापित था, जिसे ढूंढना आसान काम नहीं था। काउंटर अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थापित था लेकिन मरीजों को पुरानी मंजिल में भर्ती किया जाता है। अब नई और पुरानी मंजिल के बीच धरातल में काउंटर स्थापित किया गया है, जो अस्पताल के मुख्य गेट के साथ है। उधर, इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद ने कहा कि आयुष्मान भारत काउंटर को बदला गया है। तीमारदारों को काउंटर तलाशने में परेशानी न आए, इसके लिए काउंटर अस्पताल के नए भवन के धरातल में स्थापित किया गया है।