जिले में पिछले दो दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद बिजली बोर्ड के 230 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। दो दिन बाद भी इन ट्रांसफार्मरो में बिजली सुचारु नहीं की जा सकी है। उपमंडल मनाली, बंजार, लगवैली सहित लाहौल के दर्जनों गांवों में ब्लैकआउट है।
भारी बर्फबारी से जिला कुल्लू की आधी आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर हो गई है। रविवार के दिन भी बिजली बोर्ड के कर्मचारी बिजली बहाली के काम में डटे रहे, लेकिन लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी उनके काम में बाधा बन गई है। इससे वे फील्ड में काम नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि, पिछले दो दिनों से लगातार बारिश और बर्फबारी रविवार सुबह तक जारी रही। इसके बाद हल्की धूप भी खिली, जिससेे बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को बिजली बहाल करने में थोड़ी कम मुश्किलें आईं।
गौरतलब है कि मनाली, लाहौल, बंजार, आनी तथा निरमंड के सैकड़ों लोग अभी भी अंधेरे में हैं। कुल्लू विद्युत सब स्टेशन के 180, बंजार में 50 जबकि आनी और निरमंड में भी दर्जनों ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता हरिंद्र ठाकुर ने कहा कि भारी बर्फबारी के चलते कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। कुल्लू सब डिविजन में 220 ट्रांसफार्मर बंद हो गए थे। इनमें 22 ट्रांसफार्मरों को शनिवार को ही दुरुस्त कर दिया गया है। जबकि, 18 को रविवार को सुचारु किया गया है। रविवार के दिन भी कर्मचारी बिजली बहाली में जुटे रहेे। उन्होंने कहा कि लगघाटी में डैमेज काफी अधिक हुआ है। इसलिए यहां थोड़ा समय लग सकता है।