कुल्लू। जिले की पंचायतों में नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को 27 जून को शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए पंचायतों में शपथ समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसकी तैयारियां प्रशासन और पंचायती राज विभाग ने शुरू कर दी हैं।
विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, नव निर्वाचित पंचायत पदाधिकारियों की प्रथम बैठक 27 जून को आयोजित होगी। इस बैठक में प्रधान नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
साथ ही ग्राम पंचायत की पहली बैठक की कार्यवाही को लेखबद्ध करने और समारोह के सुचारु संचालन के लिए पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक और सिलाई अध्यापिकाओं की ड्यूटी लगाई गई है।
पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को बीते 15 जून को कुल्लू में कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने शपथ दिलाई थी। इस दौरान जिलेभर से प्रधान और उपप्रधान कुल्लू पहुंचे थे। अब पंचायतों में पहली बैठक के बाद विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।