कुल्लू। हिमाचल प्रदेश एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के लिए नई शुरुआत हुई है। एसडब्ल्यू-80 माइक्रोलाइट विमान बुधवार को पटियाला से उड़ान भरकर कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा भुंतर पहुंचा।
इससे कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों के एनसीसी एयर विंग कैडेट्स को स्थानीय स्तर पर उड़ान प्रशिक्षण और विमानन की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
विमान को विंग कमांडर कुणाल शर्मा, कमांडिंग ऑफिसर, एक एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू और ग्रुप कैप्टन बजिंद्र सिंह गिल, कमांडिंग ऑफिसर, 4 पीबी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी ने पटियाला से भुंतर तक उड़ाया।
पहले प्रशिक्षण के लिए कैडेट्स और संबंधित स्टाफ को पटियाला जाना पड़ता था। विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने कहा कि भुंतर में विमान की उपलब्धता महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हैंगर का मुद्दा 15 वर्षों से अधिक समय से लंबित था। विमान की तैनाती से कैडेट्स के प्रशिक्षण को मजबूती मिलेगी और उनमें विमानन के प्रति रुचि बढ़ेगी।