भुंतर (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर की एनसीसी इकाई की ओर से मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में सात हिमाचल प्रदेश एनसीसी वाहिनी कुल्लू के कमान अधिकारी कर्नल अभिषेक मुखर्जी का स्वागत किया गया। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के साथ संवाद कर उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कर्नल अभिषेक मुखर्जी ने उन्हें एनसीसी की भावना को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी का मूल मंत्र 'एकता और अनुशासन' युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा विकसित करता है। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार और एनसीसी इकाई की ओर से कमान अधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, एनसीसी अधिकारी (एएनओ) और अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।