निकासी की व्यवस्था न होने से हाईवे में ही जमा हो रहा है पानी
वाहन चालकों और राहगीरों की बढ़ी परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। जिले में तीन दिन से झमाझम बारिश हो रही है। इससे कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग तालाब बना हुआ है। उचित निकासी न होने से पानी हाईवे पर जमा हो रहा है। इस कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। कुल्लू-मनाली के बाशिंग, बबेली, बंदरोल, रायसन, कटराईं आदि क्षेत्रों में हाईवे तालाब बना हुआ है। वाहन चालकों खासकर दोपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा राहगीरों को भी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
कुल्लू-मनाली हाईवे पर पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने का मामला परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भी उठाया गया था। फलोत्पादक मंडल कुल्लू ने जुलाई 2023 में परिवहन मंत्री के समक्ष मामला रखा था, लेकिन आठ महीने बीतने के बाद भी हाईवे की दशा को सुधारा नहीं गया है।
स्थानीय निवासी राजीव, पुनीत, विनय, रवि, ओम प्रकाश, मनीष, प्रवीण, चेतन, रिमन, संतोष ने कहा कि बारिश में हाईवे तालाब बन जाता है। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से हाईवे से पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है। उपमंडल अधिकारी कुल्लू विकास शुक्ला ने कहा कि मामला ध्यान में नहीं है। अगर हाईवे पर पानी जमा हो रहा है तो एनएचएआई के अधिकारियों को समस्या हल करने के निर्देश दिए जाएंगे। संवाद