पतलीकूहल, बंदरोल और भुंतर में ई-पेमेंट के लिए करवाएं पंजीकरण : राणा
बोले- सब्जी मंडियों में क्वालिटी के नाम पर किसानों से होती है धोखाधड़ी
कहा- पिछले दो महीनों से जिले के दुग्ध उत्पादक किसानों को भी नहीं भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पतलीकूहल, बंदरोल और भुंतर सब्जी मंडियां राष्ट्रीय कृषि बाजार के अधीन आती हैं। इन मंडियों में राष्ट्रीय कृषि बाजार के कार्यालय भी खुल चुके हैं, किसान इनमें पंजीकरण करवा लें, जिससे किसानों को ई-पेमेंट की जा सके। यह बात भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष ऋषि राज राणा ने बुधवार को भुंतर खंड एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कही।
उन्होंने कहा कि सब्जी मंडियों में जिस रेट पर बोली होती है, बाद में क्वालिटी के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी होती है। किसानों को वह रेट नहीं मिलता, जिस पर बोली होती है। ऐसे में किसानों का शोषण हो रहा है। भारतीय किसान संघ ने उपायुक्त से इस संबंध में संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक किसानों को दो महीने से दूध के पैसे नहीं मिल रहे हैं। इससे किसानों की आर्थिकी पर बुरा असर पड़ रहा है। दुग्ध उत्पादकों को भुगतान भी जल्दी किया जाए। प्रशिक्षण वर्ग में प्रांत महामंत्री उमेश सूद मुख्य वक्ता थे। उन्होंने किसानों से जहर मुक्त खेती करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण वर्ग में खंड अध्यक्ष गेहर सिंह ठाकुर ने भी विचार रखे। मीनाक्षी और रजत ने किसानों को राष्ट्रीय कृषि बाजार के बारे में बताया। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष प्रेम ठाकुर, उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर, जिला मंत्री रमेश ठाकुर, सहकारिता प्रमुख धर्मपाल, खंड मंत्री प्रेमजीत, विधि प्रमुख लक्ष्मी सेन, देवपाल, राजकुमार, अशोक नेगी, नरेंद्र सिंह, वेदराम और वीर सिंह मौजूद रहे।