कुल्लू में अवैध कब्जे हटाने पुलिस टीम के साथ पहुंचे तहसीलदार कुल्लू व अन्य नगर परिषद कर्मचारी।
कुल्लू। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद कुल्लू ने फिर कार्रवाई की है। नगर परिषद कुल्लू की टीम ने बुधवार को सरवरी, शीतला माता मंदिर से ब्यासा मोड़ तक अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से लगाई गईं सात रेहड़ी-फड़ी को हटवा दिया। सड़क तक अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को दो दिन में कब्जा हटाने के निर्देश दिए हैं।
तहसीलदार कुल्लू की अगुवाई में नगर परिषद की टीम पुलिस जवानों के साथ अतिक्रमण हटाने सरवरी बस अड्डा के पास पुल पर पहुंची तो दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने पुल के दोनों ओर फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाई गईं रेहड़ी-फड़ियों को हटवा दिया। इसके बाद सरवरी में ही सुल्तानपुर की तरफ जाने वाली रास्ते पर कब्जा कर दुकानदारी सजाई थी, जिसे टीम ने हटवाया दिया।
इसके बाद नगर परिषद की टीम ने शीतला माता मंदिर से लेकर ब्यासा मोड़ तक कार्रवाई की। इस दौरान करीब 50 से अधिक दुकानों का निरीक्षण किया। जिन दुकानों के अवैध कब्जे थे, उन्हें हटाने को कहा गया। हालांकि कई दुकानदार स्वयं ही कब्जा हटाने के लिए मान गए। गौर रहे कि नगर परिषद कुल्लू के द्वारा अवैध कब्जों पर की जा रही कार्रवाई आजकल चर्चा का विषय बनी हुई है।
अतिक्रमण पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। बुधवार को सरवरी और आसपास के क्षेत्र में कब्जे हटाए हैं। कुछ लोगों ने फुटपाथ पर कब्जा कर रखा था। शहर को सुंदर बनाने की दिशा में नगर परिषद की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके प्रशासन और पुलिस का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। -हरि सिंह यादव, तहसीलदार एवं ईओ नगर परिषद, कुल्लू