कुल्लू। स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में कुल्लू के नगर निकाय प्रदेश स्तर पर टॉप 15 में जगह नहीं बना पाए हैं। कुल्लू के नगर निकाय स्वच्छता में पिछड़ गए हैं। यह बात स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में सामने आई है। नगर परिषद कुल्लू प्रदेश स्तर पर 22वें नंबर पर रही है।
राष्ट्रीय स्तर पर नगर परिषद कुल्लू को 2,695 की रैंकिंग मिली है। देश विदेश के सैलानियों की पसंदीदा सैरगाह मनाली को स्वच्छता में प्रदेशस्तर पर 25वां रैंक मिला है। नगर परिषद मनाली को नेशनल रैंकिंग 2,762 मिली है। मनाली में सैकड़ों पर्यटक हर साल आते हैं लेकिन प्रदेश के अव्वल नगर निकायों में नगर परिषद मनाली जगह नहीं बना पाई है।
नगर पंचायत भुंतर को प्रदेश स्तर पर 26वां स्थान मिला है। नेशनल रैंकिंग में भुंतर को 287वां स्थान मिला है। पिछली साल की तुलना में भुंतर की रेटिंग में सुधार हुआ है। पिछले साल भुंतर की रेटिंग 321 थी।
नगर परिषद मनाली 243वें और कुल्लू 244 वें स्थान पर था। अब देखना यह है कि किस तरह से स्वच्छता अभियान को नगर निका धरातल पर अमलीजामा पहनाते हैं। नगर परिषद कुल्लू, नगर पंचायत भुंतर और नगर पंचायत बंजार के लिए डंपिंग साइट का न होना भी परेशानी का सबब बना हुआ है।
नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि स्वच्छता को लेकर नगर परिषद की ओर से काम किया जा रहा है। डोर-टू- डोर सूखा और गीला कूड़ा लोगों से अलग-अलग लिया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों से भी शहर को साफ सुथरा बनाए रखने की अपील की जा रही है।