मौसम विज्ञान केंद्र ने 13 को येलो और 14 को जारी किया है बारिश का ऑरेंज अलर्ट
जिले में बारिश से 300 से अधिक पेयजल योजनाएं हुई हैं प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बरसात के बीच कुल्लू जिले के लोगों की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। अगले चार दिन के लिए मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
इसके अनुसार 13 को येलो और 14 को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश से अभी भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। जिले के निरमंड और बंजार डिविजन में अधिकतर सड़कें बंद हैं।
बंजार डिविजन में 36, कुल्लू डिविजन में 16 और निरमंड में 39 सड़कें बंद हैं। बंद सड़कों पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड ने 300 ट्रांसफार्मर बहाल किए हैं। अभी भी जिभी क्षेत्र में अंधेरा पसरा है। जिभी में 43 और कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में 7 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। पिछले दिनों हुई बारिश से जल शक्ति विभाग को नुकसान झेलना पड़ा है। जल शक्ति विभाग की 300 से अधिक पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक असर आनी डिविजन की योजनाओं पर असर पड़ा है।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कुल्लू में 13 अगस्त को एक दो स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 14 अगस्त 2025 को एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस चेतावनी के मद्देनजर रखते हुए नागरिकों, पर्यटकों से अपील की जाती है कि के ऊपरी और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने से बचें। नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों में जाने से परहेज रखें। किसी भी आपातकाल की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण आपातकालीन हेल्पलाइन 1077 (टोल फ्री) पर संपर्क करें।