कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के चलते अवकाश के बाद अब जिले के विद्यालयों में 30 अक्तूबर से नियमित पढ़ाई शुरू होगी।
शिक्षा खंड कुल्लू-एक, कुल्लू-दो, नग्गर, बंजार और सैंज के 800 से अधिक सरकारी और निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों की चहल-पहल लौटेगी। नौ दिन के अवकाश के बाद स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान विद्यालयों में आठ दिन का अवकाश था लेकिन सरकार की ओर से करवाचौथ की सार्वजनिक छुट्टी घोषित किए जाने के कारण अवकाश एक दिन और बढ़ गया।
पहले विद्यालयों में 29 अक्तूबर से नियमित कक्षाएं शुरू होनी थीं लेकिन अब विद्यार्थी 30 अक्तूबर से स्कूल पहुंचकर पढ़ाई शुरू करेंगे। वहीं, शिक्षक भी निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करवाने के लिए शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक सुरेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से समय पर विद्यालय पहुंचने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।