कुल्लू। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने जागरूकता और निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। विभाग की ओर से ‘गुड फूड-गुड मूड’ पहल के तहत उपभोक्ताओं और खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही बाजार में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है।
अभियान के तहत लोगों को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि बेहतर खानपान शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ मानसिक प्रसन्नता और जीवनशैली को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाता है। विभाग का उद्देश्य लोगों को खानपान की सही आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि ‘गुड फूड-गुड मूड’ पहल के तहत उपभोक्ताओं के साथ खाद्य कारोबारियों को भी जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान के साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी निगरानी रखी जा रही है। संवाद