आईटीआई शमशी में नल-जल मित्र योजना के तहत दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। आईटीआई शमशी में नल-जल मित्र योजना के प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार को हुए कार्यक्रम में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में युवाओं को कौशल विकास के लिए विभिन्न प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम करने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि आज के युग में प्रत्येक क्षेत्र में कौशल की आवश्यकता एवं कद्र है। इसके लिए सरकार युवाओं को दक्ष करने के लिए विभिन्न तकनीकी कार्यों का प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को आईटीआई शमशी में दिए प्रशिक्षण के लिए बधाई दी जो इससे पूर्व आउटसोर्स पर कार्य कर रहे थे। उन्हें सरकार की ओर से बनाई नीति के तहत प्रामाणिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहले बैच में जल शक्ति विभाग की ओर से प्रायोजित 25 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मात्र कौशल सिखाना नहीं, बल्कि गांव-गांव में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की सतत व्यवस्था उपलब्ध करवाने हेतु सक्षम जल मित्र तैयार करना है।