स्पीति क्षेत्र में लोसर से बातल तक चल रहे सड़क बहाली कार्य का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। विधायक अनुराधा राणा ने शनिवार को स्पीति क्षेत्र का दौरा कर लोसर से बातल तक चल रहे सड़क बहाली कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित कंपनी को तुरंत गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
सड़क बहाली का कार्य गर्ग एंड सन्स कंपनी की ओर से किया जा रहा है, जिसकी रफ्तार बेहद धीमी पाई गई। विधायक राणा ने कहा कि सुमदो-काजा-ग्रांफू सड़क क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्य में देरी से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह पहले ही विधानसभा में उठा चुकी हैं। बावजूद कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को कार्य में तेजी लाने को कहा। विधायक ने कहा कि इस तरह की लापरवाही जारी रही तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम काजा, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी, जिला अध्यक्ष दोरजे लारजे, ब्लॉक अध्यक्ष दोरजे छेरिंग आदि मौजूद रहे। संवाद