कुल्लू के बदाह इलाके में चोरी हुआ पानी का मीटर।
- फोटो : संवाद
कुल्लू में पानी के मीटर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय
लगातार चोरी की बढ़ रही घटनाओं से लोग हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र में पानी के मीटर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। शातिर रात के अंधेरे में पानी के मीटरों पर हाथ साफ रहे हैं। अब तक सुल्तानपुर और बदाह क्षेत्र से कई पानी के मीटरों पर शातिर हाथ साफ कर चुके हैं।
बताया जा रहा है कि बदाह और सुल्तानपुर आदि अब तक 15 से अधिक पानी के मीटर चोरी हो चुके हैं। लोगों के मुताबिक गिरोह में नशेड़ियों के शामिल होने की आशंका बताई जा रही है। नशे की लत को पूरा करने के लिए अक्सर नशेड़ी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
शहर व आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में रोष है। गौर रहे कि जल शक्ति विभाग की ओर से कुल्लू शहर और आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति का हिसाब रखने के लिए पानी के मीटर लगाए हुए हैं। उपभोक्ताओं को भी पानी के बिल मीटर की रीडिंग के अनुसार आते हैं। पानी के मीटर उपभोक्ताओं ने अपने खर्च से लगाए हैं। ऐसे में चोरी होने से एक बार फिर से उन्हें मीटर खरीदने पड़ रहे हैं। हालांकि पानी के मीटर चोरी करने वाले शातिर कौन है, यह सबके लिए पहेली बनी हुई है। शहरवासी संतोष, अमन कुमार और गौरव ने कहा कि शातिरों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस की सख्ती का असर नहीं आ रहा है। रात के समय शातिर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शातिरों पर शिकंजा नहीं कसा गया तो वे किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।
पिछले दिनों पार्वती घाटी में दो हत्याएं भी हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने कहा कि इस तरह की वारदातों को अंजाम देने के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।