बंजार विधानसभा क्षेत्र के सभी इलाकों का समग्र विकास किया जाएगा और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं रखी जा रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शनिवार देर शाम बंजार के निकट तरगाली में आयुर्वेद मंत्री कर्ण सिंह ने बताया कि मंगलौर हाई स्कूल को स्तरोन्नत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने क्षेत्र की पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने तरगाली के माता मंदिर के सामुदायिक भवन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कर्ण सिंह ने कहा कि गांव के मैदान का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। इससे पहले ग्राम पंचायत मंगलौर की प्रधान बीना भारती ने आयुर्वेद मंत्री के समक्ष पंचायत की विभिन्न मांगें रखीं। इस दौरान एसडीएम बंजार अश्वनी कुमार, बीडीसी सदस्य अनीता ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।