दूध उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए जोड़ी जाएंगी महिलाएं और युवा
कुल्लू में प्रदेश मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन का किया गया भव्य स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बजौरा के सामने चुटी बिहाली में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्लांट लगाने के लिए 15 बीघा भूमि का भी चयन कर लिया है।
यह बात शुक्रवार को सर्किट हाउस कुल्लू पहुंचे प्रदेश मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन बीएस ठाकुर ने कही। कुल्लू में उनके लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उनका ढोल-नगाड़ों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
बीएस ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार की दस गारंटियों में दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाना शामिल है। सरकार ने दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 51 रुपये कर दिया है। अब इसे 80 रुपये तक ले जाना है। सीएम के आदेश हैं कि मिल्क फेडरेशन इस काम को तेजी से आगे बढ़ाए। इसके लिए गांव-गांव में महिला और युवाओं की अलग-अलग सोसायटियों का गठन किया जाएगा। कहा कि कुल्लू का आनी-निरमंड क्षेत्र दूध उत्पादन में अग्रणी है। ऐसे में बंजार, सैंज से लेकर मनाली तक दूध उत्पादन पर काम किया जाएगा।
कहा कि सरकार 250 करोड़ से कांगड़ में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट लग रहा है। कहा कि रामपुर में दुग्ध प्लांट में 100 कर्मचारियों की जरूरत है। इसे वहीं दूध के प्रोसेसिंग की क्षमता बढ़ेगी। कहा कि दूध के जरिए हर घर की इनकम 20 हजार रुपये करना है। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में प्रदेश दूध में सबसे अधिक समर्थन मूल्य दे रहा है। सरकार चाहती है कि दूध उत्पादन से गांव की आर्थिकी को मजबूत किया जाए।
इस मौके पर एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां, निवर्तमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, नप अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, हरिचंद्र शर्मा, देवेंद्र नेगी, संजय गुप्ता, चुनेश्वर ठाकुर और अनिल सहगल मौजूद रहे।