शोषण मुक्ति मंच ने सैंज और राहेडू में हुईं घटनाओं को लेकर रोष जताया
मांग उठाई - ठोस न्यायिक कार्यवाही के लिए ठोस नीति बनाए सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश में बढ़ रहे दलित उत्पीड़न और भेदभाव के मामलों को लेकर शोषण मुक्ति मंच ने उपायुक्त कुल्लू के माध्यम से सरकार को एक मांगपत्र भेजा। इसमें उन्होंने घटनाओं को लेकर चिंता जताई है।
सरकार से इस तरह के बढ़ते मामलों की ठोस न्यायिक कार्यवाही के लिए नीति बनाने की मांग की है। उपायुक्त से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल ही में राज्य के विभिन्न जिलों में दलित समाज पर अत्याचार, भेदभाव और हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेष रूप से कुल्लू के सैंज में दलित महिला पर हुए हमले एवं उसकी मौत और रोहडू में दलित मासूम बच्चे की मृत्यु जैसी घटनाएं और हमीरपुर में दराटी से हमला कर महिला की हत्या, मंडी में महिला पर एसिड फेंकने की घटना समाज की संवेदना और राज्य की शासन और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। शोषण मुक्ति मंच के सह संयोजक राम चंद ने कहा कि राज्य सरकार की यह जिम्मेदारी बनती है कि संविधान की ओर से प्रदत समानता, न्याय और सम्मान के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करवाई जाए। इस दौरान प्रताप, लाल चंद, राजेश, शेर सिंह, धर्मपाल, गोविंद, राम दास, ममता, चिंता, निरमा, देव राज आदि उपस्थित रहे।