सोलंगनाला/कुल्लू। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मनाली में मेगा री-केवाईसी एवं वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान 100 ग्राहकों की री-केवाईसी प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई। शिविर में लोगों को बैंक खातों की जानकारी अपडेट रखने, डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर धोखाधड़ी से बचने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में आरबीआई की मुख्य महाप्रबंधक निशा नांबियार, शिमला के क्षेत्रीय निदेशक पीएस खुआल, हिमाचल प्रदेश के आरबीआई लोकपाल रमेश चंद और उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह औजला विशेष रूप से उपस्थित रहे। निशा नांबियार और पीएस खुआल ने री-केवाईसी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बैंक खातों की जानकारी समय-समय पर अपडेट रखना जरूरी है। आरबीआई लोकपाल रमेश चंद ने लोगों को साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल लेनदेन से जुड़े जोखिमों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। शिविर में विशेष काउंटर स्थापित किए गए थे, जहां मनाली और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। संवाद