आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए बनाया प्रतिक्रिया दल
मौके पर पहुंचकर घायल या फंसे मरीजों का उपचार करेंगे विशेषज्ञ चिकित्सक
राजीव नैय्यर
कुल्लू। भारी बारिश और बढ़ते भूस्खलन के खतरे के बीच कुल्लू में स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) का गठन कर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत कर दिया है।
यह टीम विशेषज्ञ चिकित्सक, फार्मासिस्ट और एंबुलेंस के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल या फंसे हुए मरीजों का फौरन उपचार करेंगे। हाल ही में हुए मलबे में दबे लोगों की घटनाओं ने इस पहल की अहमियत को और बढ़ा दिया है ताकि भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में समय रहते जीवन बचाए जा सकें।
भूस्खलन, पहाड़ी दरकने या अन्य प्राकृतिक घटना में लोगों के दबने या फंसने की सूचना मिलती है और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता होगी तो गठित दल मौके पर पहुंचकर मरीजों का उपचार करेगा।
गौरतलब है कि जिले में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ रहा है। जिला मुख्यालय में ही भूस्खलन से मलबे में लोगों के दबने के मामले सामने आए हैं। गत मंगलवार को सुबह नगर परिषद कुल्ललू के वार्ड नंबर आठ में दो लोग मलबे में दबे थे। इनमें एक की मौत हो गई और एक उपचाराधीन है। मंगलवार देररात को वार्ड नंबर दो इनर आखाड़ा बाजार में पहाड़ी से मकान पर मलबा आया। इसमें दो लोग दबे हैं। ऐसी आपातकालीन स्थितियों को देखते हुए विभाग ने क्यूआरटी का गठन कर तैयारी शुरू कर दी है। उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद ने कहा कि भारी बारिश से बनी आपात स्थिति को देखते हुए क्यूआरटी का गठन किया। अगर किसी तरह की उपचार संबंधी आपात स्थिति आती है। टीम मौके पर आपदा में फंसे मरीजों का उपचार करेगी।
टीम में चिकित्सक समेत रहेंगे चार कर्मी
त्वरित प्रतिक्रिया दल में एक विशेषज्ञ चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के अलावा एंबुलेंस चालक को शामिल किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की सेवाएं भी जारी रखी जाएगी। -डॉ. एनआर पवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी