राज्यस्तरीय जूडो प्रतियोगिता में कुल्लू के जूडो फाइटरों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। शिमला में 31 अक्तूबर से दो नवंबर तक चली प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदकों सहित कुल छह पदक अपने खाते में डाले।
राज्य जूडो संघ के उपप्रधान और जिला प्रधान रणबीर ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले खेले गए। सब-जूनियर वर्ग में एलएमएस कलैहली के अभय सिंह गुलेरिया ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, एबरग्रीन स्कूल सेउबाग के रितंजय नेगी ने पचास किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा जूनियर वर्ग में के एसएस के रितिन पठानिया ने 73 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसी स्कूल के रजत नेगी और एलएमएस कलैहली के अमन ने रजत पदक टीम के लिए जीते तो केएसएस के नितिन भंडारी ने जिला के लिए कांस्य पदक जीत मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में जिले के 11 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर जिला जूडो संघ के पदाधिकारियों विपिन चंदेल, दीपक कौशल, रमेश पठानिया, हरीश चंद्र, अभिलाष कोबरा, अनिल ठाकुर, भगवंत चौहान, मेहर चंद तथा अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट के किशन ठाकुर ने खुशी जाहिर करते हुए इन्हें बधाई दी है।