पीपल जातर से पहले रामशिला से गांधीनगर तक छह किमी दायरे में होगी टारिंग
पीडब्ल्यूडी ने शुरू किया काम, स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की राह होगी सुगम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय की मेजर डिस्ट्रिक सड़क (एमडीआर) कुल्लू-भुंतर पर सवारियों का सफर सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग रामशिला से गांधीनगर तक सड़क को छह किलोमीटर के दायरे में चकाचक करेगा। इसका कार्य विभाग ने वीरवार से शुरू कर दिया है।
सड़क को 28 अप्रैल से शुरू होने वाले अंतरराज्यीय पीपल जातर से पहले चकाचक किया जाएगा। कुल्लू-भुंतर एमडीआर की हालात सुधरने से कुल्लू शहर में आने वाले स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की राह सुगम होगी। लोक निर्माण विभाग ने टारिंग का कार्य शुरू कर दिया है। इस कार्य पर विभाग लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का बजट खर्च करेगा।
जिला मुख्यालय ढालपुर में वीरवार को टारिंग का कार्य जारी रहा। इससे सड़क चकाचक हो गई है। हालांकि, इससे पहले इस सड़क पर सफर करने वाली सवारियां भी हिचकोले खाने का मजबूर हैं। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने की वजह से सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। अब सड़क की टारिंग होने से सवारियों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता दीपक ने कहा कि एमडीआर पर गांधीनगर से रामशिला तक टारिंग की जाएगी। इसके लिए विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है।
शहर की मुख्य सड़क होगी चकाचक
जिला मुख्यालय कुल्लू की मुख्य सड़क को चकाचक किया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने अपनी तैयारियां पूर्ण कर दी है और गांधीनगर से रामशिला तक टारिंग शुरू कर दिया है। -विवेक गौतम, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग कुल्लू
क्षतिग्रस्त सड़क से झेलनी पड़ रही परेशानी
कुल्लू-भुंतर एमडीआर सड़क गांधीनगर, जल शक्ति विभाग कार्यालय, बांगा ट्रेडर्स, भुट्टी चौक, नारू क्लीनिक, शीतला माता मंदिर, सरवरी, ब्यासा, अखाड़ा बाजार और रामशिला में जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। इन स्थानों पर गड्ढों की भरमार है। इस कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।