आपदा के दो माह बीत जाने के बाद कुल्लू-रामशिला -मनाली मार्ग का नहीं हो पाया मरम्मत कार्य।-संवाद
रामशिला में ठीक नहीं हो पाया दो माह पहले ब्यास की बाढ़ में बहा आधा हिस्सा
लोक निर्माण विभाग नहीं कर पाया सड़क की मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की मुख्य सड़क (एमडीआर) रामशिला-कुल्लू-भुंतर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं हो पाई है। प्राकृतिक आपदा के कारण ब्यास नदी में आई बाढ़ में रामशिला स्थित गैमन पुल के पास सड़क का हिस्सा बह गया था।
इस वजह से वहां सड़क संकरी हो गई है और हादसों का खतरा बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कर पाया है। इस कारण कुल्लू, खराहल, भेखली और मनाली की ओर से आने-जाने वाले हजारों लोगों को रोजाना परेशान होना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय में ट्रैफिक जाम की समस्या न बढ़े इसके लिए मनाली, खराहल, नग्गर, भेखली की ओर से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को बेली ब्रिज से शहर में प्रवेश की अनुमति है। ऐसे ही शहर से मनाली, खराहल, नग्गर और भेखली की ओर जाने वाले सभी वाहनों को वाया अखाड़ा बाजार-रामशिला संचालित किया जाता है लेकिन रामशिला में सड़क संकरी होने के कारण हादसा होने का खतरा बना हुआ है। सड़क जहां क्षतिग्रस्त है, उस स्थान पर एक किनारे नदी और दूसरी ओर पहाड़ी है। मोहर सिंह ने कहा कि जिला मुख्यालय की मुख्य सड़क को लोक निर्माण विभाग दुरुस्त नहीं कर पाया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में कैसे काम कर रहा होगा। उन्होंने कहा कि आपदा में बही रामशिला-कुल्लू-भुंतर सड़क का रामशिला में एक छोटा सा हिस्सा विभाग ठीक नहीं कर पाया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने कहा कि रामशिला में ब्यास नदी में बही सड़क को दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है।