मनाली। हिडिंबा मंदिर सड़क पर वाहन चालकों की मनमानी स्थानीय लोगों और पर्यटकों पर भारी पड़ रही है। सड़क के किनारे अवैध रूप से छोटे बड़े वाहन पार्क करने से जाम लग रहा है। शुक्रवार को भी लगभग एक घंटे तक इस सड़क पर वाहनों के पहिये थम गए। पूर्वाह्न लगभग 11 बजे से 12 बजे तक जाम लग गया। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम की ज्यादा स्थिति मंदिर के सामने मेला मैदान से ढूंगरी गांव तक बनी रही।
पर्यटन नगरी मनाली में आजकल पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ी है। मनाली से ढूंगरी और ढूंगरी से मनाली आना हो तो घंटों जाम से जूझना पड़ता है। इससे स्कूली बच्चों और सरकारी कर्मचारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस विभाग से आग्रह किया है कि ढूंगरी सड़क पर ट्रैफिक पुलिस को बढ़ाया जाए। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि वाहन चालकों को सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने से मना किया गया है। यदि कोई कानून का उल्लंघन करता है तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाएगा। संवाद