कुल्लू। अंंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता में चारों विधानसभाओं से चुनकर पहुंची टीमों के खिलाड़ी मैदान में दमखम दिखा रहे हैं। ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विधिवत शुभारंभ किया। उनके साथ जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर और जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार उपस्थित रहे।
दशहरा में तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी के चार और वॉलीबाल के दो मुकाबले खेले गए। इनमें पर्यटन नगरी मनाली से आई टीमों का दबदबा रहा।
कबड्डी के पहले मैच में मनाली वॉरियर ने कुल्लू फार्मर, दूसरे मैच में मनाली फार्मर ने कुल्लू पैंथर, तीसरे मैच में मनाली पैंथर ने कुल्लू राइडर तथा चौथे मैच में मनाली राइडर ने कुल्लू वॉरियर को शिकस्त दी।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में वीरवार को दो मैच खेले गए। इनमें पहला मैच ओल्ड मनाली और बंजार के बीच खेला गया। इसमें ओल्ड मनाली की टीम विजेता रही। इसके अलावा दूसरा मैच अलेऊ (मनाली) और सैंज के बीच हुआ। इसमें अलेऊ ने मैच अपने नाम किया। बाक्सिंग का एक मुकाबला शिमला और हमीरपुर के बीच खेला गया। इसमें हमीरपुर के खिलाड़ी ने जीत दर्ज की। संवाद