मनाली। नगर परिषद (नप) मनाली में सोमवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इस बाबत एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने सभी पार्षदों और नगर परिषद के अधिकारियों को पत्र जारी कर दिए हैं। 12 बजे नगर परिषद के कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
नगर परिषद के सातों वार्डों पर भाजपा समर्थित पार्षदों के निर्वाचित होने के बावजूद किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनी है। लिहाजा ढाई ढाई साल का फार्मूला अपनाया गया है। पहले ढाई वर्ष के लिए चंद्रा को अध्यक्ष और ठाकुर दास को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके बाद शेष कार्यकाल में मनोज लारजे अध्यक्ष तथा ईशा ठाकुर उपाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे।
सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा में आपसी सहमति नहीं बन पा रही थी। इसे देखते हुए संगठन ने सभी पक्षों को साथ लेकर ढाई-ढाई वर्ष का कार्यकाल तय करने का निर्णय लिया, ताकि सभी निर्वाचित पार्षदों के बीच संतुलन बना रहे और नगर परिषद का कार्य सुचारु रूप से चलता रहे। छह जुलाई को होने वाली बैठक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि छह जुलाई को 12 बजे चुनाव की प्रक्रिया होगी। संवाद