बर्फबारी के बाद बंद हो गया था मार्ग, अब चेन लगाकर दौड़ने लगे वाहन
सड़कों पर जम रही ब्लैक आईस, पुलिस की अपील-सावधानी से चलाएं वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। सीमा सड़क संगठन ने किलाड़ से मनाली तक सड़क को फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। इसके चलते इस मार्ग में चेन लगाकर वाहन दौड़ने लगे हैं।
वीरवार को घाटी में बर्फबारी के बाद यह मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया था। शुक्रवार को मौसम साफ होते ही सीमा सड़क संगठन की 70 आरसीसी ने जिस्पा से मनाली और 94 आरसीसी ने तांदी से किलाड़ तक सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। सड़क बहाल होते ही फोर बाई फोर वाहन दनादन दौड़ने लगे हैं। धूप छिपते ही कई हिस्सों में सड़क पर ब्लैक आईस जमने लगी है। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों को सावधानी से चलाएं। ताजा बर्फबारी के बीच दिन के समय भी तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहने से सड़क जम रही है। ऐसे में वाहनों को तेज गति से दौड़ाना जोखिम भरा हो सकता है। लिहाजा, देर शाम के बाद अनावश्यक यात्रा न करने की भी लाहौल-स्पीति पुलिस प्रशासन ने सलाह दी है।
घाटी में बर्फबारी के दूसरे दिन शुक्रवार को सीमा सड़क संगठन ने अटल टनल रोहतांग के रास्ते लाहौल, पांगी घाटी को मनाली, कुल्लू के साथ जोड़ दिया है। अटल टनल रोहतांग बनने के बाद यहां विंटर के लिए शीतकालीन हेलिकाप्टर सेवा बंद है। ऐसे में अब लोगों की लाहौल, कुल्लू के बीच आवाजाही सड़क मार्ग से ही रहती है। उधर, उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने सड़क को फोर बाई फोर वाहन के लिए बहाल करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ये वाहन चेन लगाकर चल रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी ने शुरू किया बर्फ हटाने का काम
लाहौल में मौसम खुलते ही लोक निर्माण विभाग ने भी संपर्क सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। विभाग के चिनाब मंडल उदयपुर के अधिशाषी अभियंता पवन राणा ने बताया कि उनके अधीन घाटी में 134 संपर्क सड़कें हैं। उनमें से पांच संपर्क सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है अन्य का काम जारी है।