भुंतर (कुल्लू)। विकास खंड भुंतर में शुक्रवार शाम पुराने पुल से एक प्रवासी व्यक्ति ने अचानक ब्यास नदी में छलांग लगा दी। व्यक्ति को डूबता देख मौके पर मौजूद दो युवकों ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी।
रेस्क्यू के दौरान छलांग लगाने वाले व्यक्ति को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बचाने गया एक युवक नदी के तेज बहाव में समा गया। उसके बाद नदी में लापता चल रहे युवक के लिए लोगों ने सर्च ऑपरेशन चलाया है लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। लोगों का कहना है कि नदी का तेज बहाव होने के कारण युवक संभल नहीं पाया।
छलांग लगाने वाले जिस व्यक्ति को बचाया गया है वह नशे में बताया जा रहा है। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और लापता युवक का भी नाम पता अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके के लिए भेजी गई है। लापता को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद