सोलंगनाला। पर्यटन नगरी मनाली में 19 मार्च को हिंदू नव वर्ष धूमधाम और पारंपरिक अंदाज में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मॉल रोड को सैकड़ों दीयों से सजाया जाएगा और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को हिमाचली पारंपरिक व्यंजन गीचे परोसे जाएंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिये स्थानीय लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
आयोजन को लेकर स्थानीय लोग, सामाजिक संस्थाएं और व्यापारी वर्ग तैयारियों में जुट गए हैं। जब मॉल रोड दीयों की रोशनी से नहाएगा तो यहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक अलग ही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिलेगा। शाम के समय मॉल रोड की खूबसूरती और भी बढ़ जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि इस भव्य आयोजन में स्थानीय लोगों और सैलानियों के लिए हिमाचली पारंपरिक व्यंजनों का भी खास इंतजाम किया गया है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को हिमाचल की प्रसिद्ध लोकल डिश गीचे परोसी जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व प्रधान वेद राम ठाकुर ने भी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है और इसे मिल-जुलकर मनाने से समाज में एकता और भाईचारा बढ़ता है। इस अवसर पर मनाली में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार हिमाचली लोक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति देंगे।