रास्ते बंद होने के कारण परिजनों से प्रसव से पहले करवाया दाखिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मलाणा की गर्भवती महिला को तेगूबेहड़ नागरिक अस्पताल के बर्थ वेटिंग होम (जन्म प्रतीक्षा गृह) में भर्ती किया गया है। अब महिला का बर्थ वेटिंग होम में ही उपचार होगा। दरअसल मलाणा गांव का संपर्क कटा हुआ है। इस कारण महिला को परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तेगूबेहड़ अस्पताल के बर्थ वेटिंग होम में भर्ती करवाया है।
बता दें कि अस्पताल में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह पहल की है। विभाग की इस पहल के अनुसार नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को अब प्रसव के 15 दिन पूर्व भर्ती किया जाएगा, ताकि उनका सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके। उधर, मलाणा में बादल फटने से आई प्राकृतिक आपदा के कारण रास्ते पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को बर्थ वेटिंग होम में भर्ती करवाने का परिजनों को परामर्श दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. एनआर पवार ने कहा कि नौ अगस्त को गर्भवती महिला मीना देवी को प्रसव से पूर्व उपचार के लिए तेगूबेहड़ अस्पताल के बर्थ वेटिंग होम में भर्ती किया गया है। यहां मरीज और तीमारदार के लिए खाने की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। आपदा प्रभावित मलाणा में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर 72 से अधिक लोगों का उपचार किया है। संवाद