विधायक शौरी बोले, हर गांव, हर बूथ तक पहुंचेगी कार्यकर्ताओं की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
लारजी (कुल्लू)। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। यह अभियान केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नींव मजबूत करने का संकल्प है। यह बात बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कही। लारजी में वीरवार को विशेष गहन पुनर्निरीक्षण अभियान के तहत एक बैठक का आयोजन कियाया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि एक भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जाकर नए मतदाताओं का पंजीकरण करने, गलत प्रविष्टियों को ठीक करने और अपात्र नामों को हटाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि हर गांव, हर बूथ तक कार्यकर्ताओं की टीम पहुंचेगी।
लोकतंत्र के इस महापर्व में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ फील्ड में उतरेंगे, ताकि आगामी चुनावों में अधिकतम मतदान हो सके।