कुल्लू। हिमाचल प्रदेश ज्वाइंट पेंशनर्स फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन को हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने 28 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके तहत भूपराम वर्मा को महासचिव मुख्यालय, गंगाराम शर्मा को उपाध्यक्ष तथा खुशहाल चंद नेगी और नरेंद्र कुमार को प्रदेश संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
नियुक्ति के बाद एलआर गुलशन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ज्वाइंट पेंशनर्स फेडरेशन के सहयोग से संयुक्त संघर्ष समिति को अब तक 19 पेंशनर संगठनों का समर्थन मिल चुका है। इससे पेंशनरों की मांगों और अधिकारों को लेकर चलाए जा रहे संघर्ष को मजबूती मिलेगी। उन्होंने समिति में जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महासचिव इंद्रपाल शर्मा और महासचिव मुख्यालय भूपराम वर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सुरेश ठाकुर की अगुवाई में संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदेश के करीब 1.90 लाख पेंशनधारकों के हितों और मांगों की लड़ाई सामूहिक रूप से लड़ी जाएगी। संवाद