तांदी अग्निकांड .... प्रभावितों को पर्यटन विकास निगम की इकाइयों में ठहराएगा प्रशासन
जिला प्रशासन उठाएगा खर्च, लोगों का चयन करने के लिए बनाई आठ सदस्यीय कमेटी
रोशन ठाकुर
कुल्लू। भीषण अग्निकांड में अपना आशियाना खो चुके प्रभावित परिवारों का ठिकाना अब पर्यटन विकास निगम के होटल, कॉटेज और होमस्टे बनेंगे। जिला प्रशासन इन प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था पर्यटन इकाइयों में करेगा। इनके रहने का खर्च प्रशासन उठाएगा।
बंजार के एसडीएम पंकज शर्मा ने इसके लिए आठ लोगों की कमेटी का गठन किया है। कमेटी में तहसीलदार के साथ गैर सरकारी सदस्य शामिल किए गए हैं। यह कमेटी ऐसे परिवारों को चिह्नित करेगी, जिन्होंने बंजार के तांदी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में अपना सब कुछ खो दिया है। उनके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं बचा है। कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगी। इसके बाद प्रभावित परिवारों को जिभी क्षेत्र और तांदी गांव के आसपास बने होटल, कॉटेज और होमस्टे में ठहराया जाएगा।
अग्निकांड की भेंट चढ़े हैं 33 परिवारों के 17 घर
तांदी में हुए भीषण अग्निकांड में 33 परिवारों के करीब 120 लोगों के 17 घर और 6 गोशालाएं राख हो गई हैं। बताया जा रहा है इन 33 परिवारों में अधिकतर ऐसे प्रभावित हैं, जिनके पास कहीं न कहीं ठिकाने की सुविधा है। इनके दूसरी जगह घर हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनका अग्निकांड में कुछ भी नहीं बचा है।
निर्धारित रेट पर की जाएगी रहने की व्यवस्था : एसडीएम
एसडीएम पंकज शर्मा ने कहा कि तहसीलदार की अगुवाई में कमेटी बनाई है। इसमें खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग और जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता, पंचायत प्रधान, सचिव सहित गैर सरकारी लोगों को शामिल किया गया है। कमेटी तांदी गांव के अग्निकांड प्रभावित ऐसे लोगों का चयन करेगी, जिनके पास सर्दी के मौसम में अपने परिवार को ठहराने की कोई सुविधा नहीं है। रिपोर्ट मिलने के बाद किसी भी पर्यटन इकाई में एक निर्धारित रेट के तहत इन्हें ठहराने का इंतजाम किया जाएगा।