कुल्लू। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के चलते भगवान रघुनाथ की नगरी हजारों दीयों से जगमग हो गई है। भगवान रघुनाथ के मंदिर सहित अन्य देव स्थलों, सार्वजनिक जगहों, घरों में लोगों ने दीये जलाए। शाम को अंधेरा होने के बाद कुल्लू में दीये जलाए गए।
साथ ही पटाखे भी फोड़े। पटाखे फोड़ने से कुल्लू में दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला। सोमवार शाम करीब 6:00 बजे के बाद दीपोत्सव मनाने की तैयारी शुरू हो गई। भगवान रघुनाथ के मंदिर में शाम की पूजा-आरती करने के साथ दर्जनों दीये जलाए गए। लोगों ने अपने घरों में दीये जलाए।मनाली में भी दीये जलाए गए।
कुल्लू जिले में राम मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव को देखते हुए आयोजकों ने 1,73,000 दीयों को जलाने का लक्ष्य रखा था। पीएम मोदी ने भी लोगों से अपने घरों में दीये जलाने की अपील की थी। शहरवासी प्रेम सिंह, अशोक ने कहा कि शहर में दिनभर माहौल राममय रहा। मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ भंडारे का आयोजन हुआ।
अंधेरा होने के बाद लोगों ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में दीये जलाए। शहर को चमकाने के लिए जगमगाती हुई लाइटें भी लगाई गई थीं। भगवान रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने कहा कि भगवान रघुनाथ के मंदिर में सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया है। मंदिर में दीये जलाए गए हैं। संवाद