जिले के आयुर्वेद अस्पताल के मेन गेट पर एक बार फिर ताला जड़ दिया गया है। ऐसे में अस्पताल जाने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों को मजबूरी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से होकर अस्पताल जाना पड़ रहा है।
हालांकि, कुछ समय पूर्व आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री के हस्तक्षेप के बाद गेट को खोल दिया गया था। लेकिन इसके बाद अब फिर से रास्ते वाले गेट पर ताला जड़ दिया गया है। कुल्लू टाउन डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव टीडी ठाकुर ने कहा कि मरीजों को व्यर्थ में परेशान करने के लिए अस्पताल जाने वाले रास्ते के मेन गेट पर ताला लगा दिया गया है। जबकि, इस मामले को आयुर्वेद विभाग ने जिला प्रशासन के ध्यान में भी लाया है।
उन्होंने आयुर्वेद मंत्री कर्ण सिंह से मांग की है कि अस्पताल के गेट पर लगे ताले को तुरंत खुलवाया जाए। वहीं, असली मार्ग की पहचान की जाए ताकि लोगों को आयुर्वेद अस्पताल जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि पहले भी अस्पताल के मेन गेट पर ताला जड़ दिया गया था। इससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। देव समाज का दावा था कि यह देव स्थली है। यह लोगों के लिए आम रास्ता नहीं है। लेकिन एक बार फिर मेन गेट पर ताला जड़ने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।