मणिकर्ण की पीणी और तलपीणी पंचायत के बच्चों की राह आसान नहीं कर पाई सरकार
साल 2023 में आई बाढ़ में बह गया था पुल, मामला उठाने पर भी हल नहीं हुई समस्या
गौरीशंकर
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी की पीणी और तलपीणी पंचायतों के विद्यार्थी झूला पुल (रज्जू मार्ग) से जान जोखिम में डालकर शाट स्कूल जा रहे हैं।दो साल से सरकार के हुक्मरान इन विद्यार्थियों की राह आसान नहीं बना पाए हैं।
मणिकर्ण घाटी की दो पंचायतों के विद्यार्थियों को सीनियर सेकेंडरी स्कूल शाट जाने के लिए पार्वती नदी को आर-पार करने के लिए कोई फुट ब्रिज नहीं है। वर्ष 2023 में आई बाढ़ में शारनी नामक स्थान पर फुट ब्रिज बह गया था। इसके बाद झूला तो लगा दिया गया, लेकिन फुट ब्रिज बनाने के लिए पहल नहीं हो पाई। इस कारण स्कूल और काॅलेज विद्याार्थियों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस जोखिम को लेकर सत्ता और सत्ता में बैठे हुकमरानों को कई बार बताया, लेकिन समस्या अभी तक हल नहीं हो पाई है।
परिजनों को देनी पड़ रही है डयूटी
आलम यह है कि पीणी और तलपीणी पंचायत के छोटे बच्चों को झूले के माध्यम से आर-पार करवाने के लिए घर के एक सदस्य को हर रोज ड्यूटी देनी पड़ रही है। सुबह बच्चों को झूला पार करवाने और शाम को वापस लाने के लिए परिवार का एक सदस्य भेजना पड़ रहा है। लोगों की मानें तो उन्हें बच्चों के साथ यहां हादसा होने का खतरा बना रहता है।
जिप सदस्य उठा चुकी है मामला
मामले को जिला परिषद सदस्या रेखा गुलेरिया पहले भी जिला परिषद की बैठक में उठा चुकी हैं, लेकिन कोई भी विभाग मामले को गंभीरता से लेता दिखाई नहीं दे रहा है। रेखा का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए फुटब्रिज लगाया जाना जरूरी है।
स्थानीय लोगों के आग्रह पर एस्टीमेट बनाकर दिया है, लेकिन फुटब्रिज कैसे बनना है, धन कहां से और कैसे आएगा, इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं है। - जीएल ठाकुर, एक्सईएन, मेकेनिकल डिवजिन
लोक निर्माण विभाग में फुट ब्रिज बनाने का कोई प्रावधान नहीं होता है। ऐसे में विकास खंड की ओर से इस कार्य को किया जा सकता है। - बीएस नेगी, एक्सियन, लोक निर्माण विभाग कुल्लू