बजौरा के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर बताया शिक्षा का महत्व
...
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। साक्षरता जीवन का अमूल्य हिस्सा है। साक्षरता समाज को नई दिशा प्रदान करती है। यह बात राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजौरा की प्रधानाचार्य कविता कपूर ने कही। विद्यालय में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया। इसके तहत विद्यालय में कई जागरूकता कार्यक्रम पेश किए गए। इसके अलावा एनसीसी इकाई के कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवियों तथा विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली भी निकाली।
विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली विद्यालय परिसर से लेकर बजौरा बाजार तक निकाली। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को साक्षरता का महत्व समझाने का प्रयास किया। प्रधानाचार्य कविता कपूर ने कहा कि साक्षरता ज्ञान प्राप्ति का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। साक्षरता व्यक्ति के जीवन में विशेष योग्यता लाती है। इस दौरान एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड इकाइयों के प्रभारी, अध्यापक और कर्मचारी भी रैली में शामिल रहे। संवाद
-संवाद