तीन जिलों के 94 प्रशिक्षक ले रहे प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश के आईटीईएस व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए राज्य स्तरीय इन-सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में स्थित देवसदन में तीन जिलों शिमला, सोलन और ऊना के 94 प्रशिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, बुधवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रशिक्षकों को वित्तीय प्रबंधन जैसे कैशबुक, लेजर, वाउचर फाइल एवं स्टॉक रजिस्टर के रखरखाव की बारीकी से जानकारी दी गई।
इसके अलावा उनके लिए आरडीबीएमएस, एसक्यूएल, पीएचपी और वेबसाइट निर्माण में एआई टूल्स के उपयोग पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम समन्वयक प्रधानाचार्य कैडर डॉ. अमित मेहता ने कहा कि समग्र शिक्षा के तहत जिला कुल्लू को आईटीईएस सेक्टर के व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए इन-सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का जिम्मा दिया गया है। 30 मार्च तक चार चरणों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दूसरे चरण में 26 मार्च तक कार्यक्रम जारी रहेगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षकों को नवीन तकनीकी ज्ञान, शिक्षण कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं के प्रति सशक्त बनाना है।