कुल्लू में पिरड़ी रिवर राफ्टिंग सेंटर में प्रशिक्षण लेते युवा
कुल्लू। रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र पिरड़ी में बेसिक राफ्टिंग गाइड और कयाकिंग कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 65 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। बुधवार को प्रशिक्षण के आठवें दिन प्रतिभागियों को रेस्क्यू कोर्स के अंतर्गत इमरजेंसी असेंडिंग (जुमरिंग) तकनीक का अभ्यास करवाया गया। इसमें रस्सी और झूमर की सहायता से तीखी ढलान और ऊंचाई वाले स्थानों पर सुरक्षित तरीके से चढ़ने की तकनीक सिखाई गई। राफ्टिंग केंद्र प्रभारी गिमनर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा या आपातकालीन परिस्थितियों में फंसे लोगों को सुरक्षित तरीके से बचाने के लिए प्रतिभागियों को सक्षम बनाना है।