कुल्लू। जिले के प्रवेश द्वार भुंतर में देर रात एक कैफे में लगी आग से अफरातफरी मच गई। आग की इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। इससे करीब 20 हजार रुपये की संपत्ति को क्षति पहुंची है। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। भुंतर में दो दिन में हुई लगातार आग की दो घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
दमकल विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे भुंतर के अमित कुमार पुत्र मोती राम के कैफे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा कैफे आग की चपेट में आ गया। आग की भनक लगते ही यहां भगदड़ मच गई। आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। इसके साथ दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक फर्नीचर, बेड आदि सामान जल गया था। दमकल विभाग के सब फायर ऑफिसर दुर्गा सिंह ने कहा कि आग की इस घटना में 20 लाख रुपये का नुकसान हो गया है। इसके अलावा एक लाख की संपत्ति को जलने से बचाया है। आग की घटनाओं के प्रति सतर्क रहें। अपने घरों के आसपास सूखे घास आदि का भंडारण न करें। इसके साथ ही बिजली के पुराने बिजली तार को दुरुस्त करवाएं। आग की घटना होने पर तुरंत दमकल विभाग को सूचित करें। भुंतर में दो दिनों में आग की दो घटनाएं हो चुकी हैं।