सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक नहीं हो पाई आवाजाही
त्रेहड़ा के पास भूस्खलन से सड़क पर आया मलबा
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/(कुल्लू)। सैंज घाटी की मुख्य सड़क लारजी-सैंज पर बारिश के कारण हुए भूस्खलन से आवाजाही के लिए दो घंटे बंद रही। सड़क पर त्रेहड़ा नामक स्थान के समीप पागलनाला-2 के पास सुबह 10:00 बजे के करीब पहाड़ी से भूस्खलन हुआ । इससे सड़क पर मलबा और पत्थर आने से सड़क दोपहर 12:20 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रही।
हालांकि, ग्रामीणों ने सड़क पर भूस्खलन होने की सूचना लोक निर्माण विभाग को सूचना दी। इसके बाद विभागीय मशीनरी मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर वाहनों के लिए सड़क को बहाल किया, लेकिन दो घंटे तक सड़क बंद रहने से घाटी की 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की परेशानी बड़ी। सड़क के दोनोें छोरों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ग्रामीण सोमदेव, आलम चंद, निरत राम, राज कुमार, मोहित ने कहा कि मंगलवार की सुबह हुई बारिश से पागलनाला-2 के पास पहाड़ी से भूस्खलन हुआ, जिसके कारण सैंज लारजी सड़क बंद हो गई। इससे ग्राम पंचायत भल्लाण-1, गोही, रैला-1, रैला-2, देेहुरी धार, शैंशर, गाडापारली, दुशाहड़, सुचैहण, बनोगी, धाऊगी और कनौन के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चमन ठाकुर ने कहा कि सैंज-लारजी सड़क पर भूस्खलन के कारण आए मलबे को हटा दिया गया है। सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।