सड़क की हालत सुधरने से सैंज घाटी की 15 पंचायतों को मिलेगी सुविधा
वर्ष 2023 में आई बाढ़ के चलते सड़क को पहुंचा था काफी नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी की 15 पंचायतों को सड़क सुविधा से जोड़ने वाली लारजी-बिहाली सड़क तीन करोड़ रुपये से सुरक्षित होगी। इससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित सफर मिलेगा।
बहरहाल इसका निर्माण कार्य पूरे जोरों पर चला हुआ है। निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार ने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुई सड़क के स्थान पर क्रेटवाल लगा दी है। कई स्थानों पर आरसीसी की दीवारें खड़ी कर दी गई हैं। अब इसका कार्य अंतिम चरण में है। काम पूरा होने के बाद लारजी से बिहाली तक करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह से चकाचक होगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्ष 2023 में सैंज से लारजी तक पिन पार्वती नदी में बाढ़ आने के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे यह मार्ग पूरी तरह से असुरक्षित हो गया था। सड़क कई स्थानों में सिंगल वाहन के आने जाने के लिए बच पाई थी लेकिन अब सड़क की सुरक्षा का कार्य जोरों पर चला हुआ है। अधिकतर स्थानों में क्रेटवाल और आरसीसी की दीवार लग चुकी है। अब सड़क में फिनिशिंग कार्य शेष रह गया है। इसके बाद इसकी टारिंग करने की भी योजना है। ऐसे में यह सड़क पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए सुगम हो जाएगी।
स्थानीय निवासी पन्ने लाल और दबे राम ने कहा कि अब सड़क की हालात सुधरने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उनका कहना है कि आपदा ने वर्ष 2023 में सड़क को काफी नुकसान पहुंचाया था और 2025 में भी भूमि कटाव के कारण सड़क पर खतरे के बादल मंडराने लगे थे। ऐसे में एनएचपीसी की चरण तीन परियोजना प्रबंधन ने सड़क की दशा को सुधारने के लिए तीन करोड़ के बजट का प्रावधान किया है। इससे सड़क को सुरक्षित करने के लिए क्रेटवाल, आरसीसी की दीवार लगाने के साथ साथ टारिंग करने की योजना है। इसमें क्रेटवाल लगाई जा चुकी है। अब आरसीसी की दीवार लगाने का कार्य चल रहा है।
एनएचपीसी के महाप्रबंधक सुधीर नेगी के अनुसार लारजी-बिहाली सड़क को सुरक्षित करने के लिए कंपनी की ओर से धन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत कार्य जोरों पर चला है और कार्य पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।