बंजार के पास घेलीगाड़ में पहाडी से मलबा गिरने से घंटों अवरूद्ध रहा हाईवे-305---संवाद
कुल्लू। बारिश ने जिलावासियों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। रविवार को औट-बंजार-सैज हाईवे 305 पर घेलीगाड़ में भूस्खलन से आवाजाही करीब तीन घंटे बंद रही।
इस कारण बसों के साथ छोटे वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई। यहां पर दोनों तरफ से चार बसें फंसी रहीं। वहीं, जिभी, बाहू, गाड़ागुशैणी जाने वाली दूध, ब्रेड, सब्जियों की सप्लाई भी प्रभावित रही। उन्हें यहां करीब तीन घंटे रुकना पड़ा। बताया जा रहा है कि घेलीगाड़ के पास सुबह के समय करीब 8 बजे पहाड़ी से मलबा और चट्टानें हाईवे पर आ गई थीं।
पूर्वाह्न 11 बजे एनएच को बहाल किया गया। रविवार को अवकाश के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कम थी, बावजूद बस में सवारियों और अन्य वाहनों चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार दिन और रात को बारिश होने से लोक निर्माण विभाग की 54 सड़कें बंद हो गई हैं। इसमें निरमंड में सबसे अधिक 22, बंजार में 18, आनी में नौ और पांच सड़कें कुल्लू में बंद हुई हैं।
सड़कों के बंद होने से किसानों-बागवानों को फल और सब्जी के सीजन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा बंजार में बिजली के 35 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। जिला प्रशासन ने बरसात को देखते हुए सैलानियों और आम लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि मानसून को लेकर प्रशासन सतर्क है। संवाद