कटराईं आवास में मुलाकात कर भूमिहीनों की आवाज उठाने के लिए जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। भूमिहीनों और आवासहीनों की आवाज सरकार से उठाने के लिए मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ का आभार जताया। भूमिहीन एवं आवासहीन संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को विधायक से उनके निवास स्थान कटराईं में शिष्टाचार भेंट की।
संघ की अध्यक्ष मणिदेवी ने कहा कि विधायक ने 2023 में विधानसभा में प्रभावित परिवारों को नौतोड़ भूमि का मालिकाना हक देने की मांग उठाई थी। दिसंबर 2024 में भी इस मुद्दे को दोहराते हुए उन्होंने प्रभावितों के लिए सरकार को एक स्पष्ट नीति बनाने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तीन बिस्वा और शहरी क्षेत्रों में दो बिस्वा जमीन भूमिहीनों को दिए जाने की बात उठाकर विधायक ने भूमिहीनों के दर्द को साझा किया है और इनकी समस्या को हल करने की दिशा में कदम उठाया है। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे भूमिहीनों के मुद्दे को विधानसभा और अन्य महत्वपूर्ण मंचों पर लगातार उठाते रहेंगे। इस दौरान कृष्ण चंद, प्यारे लाल, मेहर चंद, उत्तमी देवी, कमला देवी, तुली देवी आदि मौजूद रहे।